ट्रांसफार्मर बने मजबूत, गर्मी में बिजली रहेगी दुरुस्त! अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार

मुरादाबाद। गर्मी का पारा चढ़ते ही मुरादाबाद में बिजली विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। आने वाले दिनों में तेज गर्मी और बढ़ते लोड को देखते हुए विद्युत विभाग ने शहर में ट्रांसफार्मरों की जांच और सुधार का अभियान तेज कर दिया है, ताकि उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में बिजली कटौती और फाल्ट की समस्या से राहत मिल सके।

अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि मुरादाबाद शहर में कुल 3146 ट्रांसफार्मर हैं, जिनमें से 1248 ट्रांसफार्मरों को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है। वहीं बाकी बचे ट्रांसफार्मरों पर भी तेजी के साथ काम जारी है। विभाग का प्रयास है कि गर्मी के चरम समय में बिजली सप्लाई बाधित न हो और शहरवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

विद्युत विभाग की टीम दिन-रात ट्रांसफार्मरों की क्षमता जांचने, तेल स्तर सही करने, कनेक्शन दुरुस्त करने और तकनीकी खामियों को दूर करने में जुटी है। विभाग का मानना है कि गर्मी के मौसम में सबसे अधिक दबाव ट्रांसफार्मरों पर ही पड़ता है और यदि समय रहते इन्हें मजबूत न किया जाए तो फाल्ट और ओवरलोडिंग की घटनाएं बढ़ जाती हैं।

बिजली विभाग की इस तैयारी से साफ है कि इस बार मुरादाबाद में गर्मी से पहले ही 'बिजली व्यवस्था की गर्मजोशी' दिखाई देने लगी है। अब विभाग का दावा है कि आने वाली भीषण गर्मी में लोगों को पसीने के साथ-साथ बिजली कटौती का अतिरिक्त झटका न लगे, इसके लिए पूरी व्यवस्था को पहले से मजबूत किया जा रहा है।

शहरवासियों को उम्मीद है कि विभाग की यह मुहिम रंग लाएगी और इस बार गर्मी में पंखे, कूलर और एसी बिना रुकावट चलते नजर आएंगे।