हरदोई में ट्रांसफार्मर से तेल व उपकरण चोरी गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में दो घायल सहित आठ आरोपी गिरफ्तार, 49 हज़ार नगदी और चोरी का सामान बरामद 

हरदोई। जनपद में ट्रांसफार्मरों से तेल और कॉपर क्वाइल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना अरवल और कोतवाली देहात क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसार, ग्राम उमरौला, चांदमारी और खेतुई में ट्रांसफार्मरों से तेल व कॉपर चोरी की घटनाएं सामने आई थी। इन मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने टीमों का गठन कर जांच के निर्देश दिए थे।
गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 17 अप्रैल 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अरवल क्षेत्र के हरपालपुर-चौसार रोड स्थित पिलिया गटवासा गांव के पास एक ट्रांसफार्मर से चोरी की फिराक में हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सत्येंद्र और गजेन्द्र के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने मौके से प्रवेश, सरेंद्र, अनूप, मुनेन्द्र, रोहित और अजय को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 49 हजार रुपये नकद, एक कार, तीन बंडल कॉपर, 50 लीटर ट्रांसफार्मर तेल, उपकरण, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।
सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।