Chandauli News:मिशन शक्ति के तहत चन्दौली में बड़ा जागरूकता अभियान,पुलिस लाइन में महिला शिक्षिकाओं को सुरक्षा, अधिकार और जागरूकता का मिला विशेष प्रशिक्षण

एडिशनल एसपी स्नेहा तिवारी ने बैठक में महिलाओं को किया जागरूक,साइबर सुरक्षा से लेकर कानूनी अधिकारों तक दी गई विस्तृत जानकारी

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चन्दौली।महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को मजबूत करने के उद्देश्य से ?मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)? के तहत बुधवार को पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में एक प्रभावशाली जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने विशेष रूप से जनपद की महिला शिक्षिकाओं के साथ बैठक कर उन्हें सुरक्षा, अधिकार और आत्मरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।बैठक के दौरान स्नेहा तिवारी ने महिला शिक्षिकाओं को बताया कि किस प्रकार वे विद्यालयों में छात्राओं को जागरूक कर एक सुरक्षित समाज की नींव रख सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत सहायता प्राप्त करने के तरीके, हेल्पलाइन नंबरों का सही उपयोग तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के महत्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार ने भी महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आज के दौर में सुरक्षा केवल भौतिक नहीं बल्कि डिजिटल और मानसिक स्तर तक विस्तृत हो चुकी है, इसलिए हर महिला का सजग और सतर्क रहना बेहद आवश्यक है।इस दौरान मिशन शक्ति हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया गया कि थानों पर स्थापित ये डेस्क महिलाओं की समस्याओं का गोपनीय और त्वरित समाधान करती हैं।साथ ही 112, 1090, 181, 1076 और 1098 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कानूनी जागरूकता सत्र में घरेलू हिंसा अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (POSH Act) और पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया गया। शिक्षिकाओं से अपील की गई कि वे बच्चों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।इसके अलावा साइबर सुरक्षा पर आयोजित सत्र में सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फिशिंग, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर बुलिंग से बचाव के उपाय विस्तार से बताए गए। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर और निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रभारी सुरेन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी सहित अध्यापिकाओं में ईरा सिंह,चिपू गुप्ता, सुनीता गौतम शाहिद तमाम शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।