सीलदह मंडल में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई

कोलकाता। पूर्वी रेलवे के सीलदह मंडल द्वारा भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती बुधवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां डीआरएम सीलदह राजीव सक्सेना ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार डॉ. अंबेडकर को नमन किया।

इस दौरान डीआरएम राजीव सक्सेना ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सामाजिक न्याय एवं समानता के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की विचारधारा आज भी रेलवे परिवार के लिए प्रेरणा है और सभी को समावेशी सेवा प्रदान करने का मार्गदर्शन करती है।

इसके अलावा सीलदह मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं कार्यशालाओं में भी इसी प्रकार श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां रेल कर्मचारियों ने बाबा साहेब के प्रति सम्मान व्यक्त किया।