उत्तर पश्चिम रेलवे में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई

उत्तर पश्चिम रेलवे में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में मंगलवार को भारत रत्न, संविधान शिल्पी, समाज सुधारक एवं सामाजिक न्याय के प्रबल पक्षधर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि 14 अप्रैल को कार्यालय में अवकाश होने के कारण जयंती समारोह 15 अप्रैल 2026 को आयोजित किया गया।

समारोह के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बाबा साहेब के आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया।

महाप्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमें उनके विचारों को आत्मसात कर समतामूलक, न्यायपूर्ण और समावेशी समाज की स्थापना हेतु निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने बाबा साहेब की दूरदर्शी सोच और प्रखर बुद्धिमत्ता से प्रेरणा लेकर भारतीय रेल की सेवा गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में कर्मचारी संगठनों एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों बी.एल. बैरवा,टी.आर. मीना,प्रेमनारायण एवं भरतलाल मीना ने डॉ. अंबेडकर के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे पर बाबा साहेब की जीवनी पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को महाप्रबंधक द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।

कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी सहित सभी विभागाध्यक्ष, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।