भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से रामलला, काशी विश्वनाथ, जगन्नाथ धाम और गंगासागर सहित प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का सुनहरा अवसर

जयपुर। भारतीय रेलवे के उपक्रम इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) द्वारा श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए एक विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेनपुरी गंगासागर अयोध्या धाम यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यह यात्रा 09 मई से 19 मई तक आयोजित की जाएगी।

आईआरसीटीसी के अनुसार यह ट्रेन 09 मई को श्री गंगानगर से रवाना होगी और हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, रिंगस, जयपुर, भरतपुर, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, झांसी और कानपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से यात्रियों को लेकर आगे बढ़ेगी।

यह 11 दिवसीय धार्मिक यात्रा श्रद्धालुओं को भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करेगी। इसमें पुरी स्थित जगन्नाथ धाम, कोणार्क सूर्य मंदिर, पश्चिम बंगाल का गंगासागर तीर्थ, कोलकाता का कालीघाट मंदिर, झारखंड स्थित बैद्यनाथ धाम (जसडीह), गया के महाबोधी मंदिर एवं विष्णुपद मंदिर, वाराणसी का काशी विश्वनाथ मंदिर, गंगा आरती एवं अन्य प्रमुख मंदिर तथा अयोध्या में श्रीरामलला मंदिर एवं हनुमानगढ़ी के दर्शन शामिल हैं।

आईआरसीटीसी, जयपुर के अपर महाप्रबंधक योगेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि यह भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगी, जिसमें तृतीय श्रेणी इकॉनमी एसी कोच, आधुनिक किचन कार और बायो-टॉयलेट्स की व्यवस्था रहेगी। यात्रियों की सुविधा के अनुसार यात्रा को स्टैंडर्ड और कंफर्ट श्रेणी में विभाजित किया गया है।

स्टैंडर्ड श्रेणी का किराया ₹27,890 निर्धारित किया गया है, जिसमें एसी ट्रेन यात्रा, नॉन-एसी आवास एवं नॉन-एसी बस ट्रांसपोर्ट शामिल होगा। वहीं कंफर्ट श्रेणी का किराया ₹32,065 रखा गया है, जिसमें एसी आवास एवं एसी बस ट्रांसपोर्ट की सुविधा प्रदान की जाएगी।

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन 11 मई को गया पहुंचेगी, 12 मई को पुरी में जगन्नाथ धाम के दर्शन होंगे, 13 मई को कोणार्क सूर्य मंदिर, 14 मई को गंगासागर यात्रा, 15 मई को कोलकाता कालीघाट दर्शन, 16 मई को बैद्यनाथ धाम, 17 मई को वाराणसी में काशी विश्वनाथ एवं गंगा आरती तथा 18 मई को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराए जाएंगे। इसके पश्चात ट्रेन वापस श्री गंगानगर के लिए रवाना होगी और 19 मई 2026 को यात्रा संपन्न होगी।

इस पैकेज में यात्रियों को कन्फर्म बर्थ के साथ होटल/आवास, भोजन (नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि भोजन), पेयजल, स्थानीय परिवहन एवं बीमा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारी पात्रता अनुसार एलटीसी सुविधा का लाभ भी ले सकेंगे।

यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए 9001094705 एवं 8595930998 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय, जयपुर में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

यह यात्रा मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक, आईआरसीटीसी जयपुर,मुकेश सैनी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संचालित की जा रही है।

आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं से इस विशेष धार्मिक यात्रा का लाभ उठाने की अपील की है, जिसे एक ही यात्रा में भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का दुर्लभ अवसर बताया जा रहा है।