यात्रियों को बड़ी राहत, वंदे भारत प्रभावित होने पर रेलवे ने की विशेष बसों की व्यवस्था

यात्रियों को बड़ी राहत, वंदे भारत प्रभावित होने पर रेलवे ने की विशेष बसों की व्यवस्था

बुलेट ट्रेन परियोजना के कार्य हेतु 13 अप्रैल को ट्रैफिक ब्लॉक, वटवा से चलेंगी AC बसें

अहमदाबाद। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने अहमदाबाद मंडल में विशेष बस सेवा की व्यवस्था की है। रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन और रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से बुलेट ट्रेन परियोजना के अंतर्गत गेरतपुर?अहमदाबाद खंड पर प्रीकास्टेड पोर्टल बीम की स्थापना का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के चलते 13 अप्रैल 2026 को ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके कारण कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।

रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ट्रैफिक ब्लॉक के कारण ट्रेन संख्या 20901/20902 मुंबई सेंट्रल?गांधीनगर केपिटल?मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। इस दौरान यह ट्रेन वटवा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट की जाएगी, यानी ट्रेन का संचालन वटवा तक ही सीमित रहेगा।

यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी यात्रा निर्बाध बनी रहे, इसके लिए अहमदाबाद मंडल द्वारा 13 अप्रैल को विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। रेलवे ने वटवा से अहमदाबाद के लिए 12 एसी बसें तथा वटवा से गांधीनगर के लिए 2 एसी बसें उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह विशेष व्यवस्था यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है, ताकि ट्रेनों में हुए अस्थायी बदलाव के बावजूद यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो।