बैकुंठपुर में सार्वजनिक प्याऊ बना दिखावा ? फोटो सेशन के बाद गायब हुई पानी की व्यवस्था

बैकुंठपुर, छत्तीसगढ़।प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने के बीच आमजन को राहत देने के लिए नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर द्वारा सार्वजनिक पेयजल की व्यवस्था के दावे किए जा रहे हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर मटकों में ठंडे पानी की व्यवस्था करने की बात कही गई, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में राहत मिल सके।लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है। खासकर जनपद पंचायत कार्यालय के समीप स्थापित सार्वजनिक प्याऊ अब केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां प्याऊ की स्थापना तो की गई, लेकिन कुछ ही समय बाद पानी की व्यवस्था पूरी तरह से गायब हो गई।

फोटो सेशन तक सीमित रही व्यवस्था

लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में प्याऊ का उद्घाटन कर फोटो सेशन किया गया, जिसके बाद इस व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। सोशल मीडिया में प्रचार तो हुआ, लेकिन जमीनी स्तर पर सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई।

लोगों में नाराजगी, मजबूरी में खरीदना पड़ रहा पानी

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में सार्वजनिक प्याऊ की बेहद जरूरत है, लेकिन पानी नहीं मिलने से उन्हें मजबूरन दुकानों से महंगे दामों पर पानी की बोतल खरीदनी पड़ रही है। कुछ स्थानों पर प्याऊ लगाए जरूर गए हैं, लेकिन वहां भी पानी की आपूर्ति नियमित नहीं है कभी पानी मिलता है, तो कभी पूरी तरह खाली रहता है।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि व्यवस्थाएं केवल दिखावे के लिए की जा रही हैं, तो इससे आमजन को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा।

अब लोगों की नजर प्रशासन पर

भीषण गर्मी के बीच पानी जैसी बुनियादी जरूरत को लेकर आमजन चिंतित हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कब तक सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था को सुचारू रूप से चालू कर पाते हैं।