SSC CGL में सफलता: गौर कोठी के देवेश कुमार चतुर्वेदी बने कस्टम इंस्पेक्टर, क्षेत्र में खुशी की लहर

देवरिया। जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र के गौर कोठी गांव के निवासी देवेश कुमार चतुर्वेदी ने SSC CGL परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए कस्टम इंस्पेक्टर का पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
देवेश कुमार चतुर्वेदी के पिता प्रेम प्रकाश चतुर्वेदी और माता प्रतिमा देवी अपने बेटे की इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। परिवार में शिक्षा का माहौल पहले से ही मजबूत रहा है, उनके बड़े भाई भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में कार्यरत हैं।
देवेश की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर से हुई। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) से बीटेक की डिग्री हासिल की।
देवेश ने ऑनलाइन पढ़ाई के माध्यम से लखनऊ में रहकर तैयारी की और कड़ी मेहनत,अनुशासन व दृढ़ संकल्प के बल पर दूसरी ही कोशिश में यह सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा मिली है कि सही दिशा में निरंतर प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है।