हरदोई में सर्राफा व्यापारी से लूट का खुलासा, मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल, दो बाल अपचारी समेत छह गिरफ्तार

हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
घटना 3 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:10 बजे की है। गोपामऊ निवासी सर्वेश रस्तोगी ने पुलिस को सूचना दी कि वह अपने पुत्र गौरव के साथ टड़ियावां स्थित अपनी ज्वैलरी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। बाजार पुरवा के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर तमंचे के बल पर बाइक की चाबी छीन ली और डिग्गी में रखा बैग लूट लिया, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और करीब 1.5 लाख रुपये नकद थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में 6 टीमों का गठन किया गया। आईजी लखनऊ जोन किरण एस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 8 अप्रैल की रात मुखबिर की सूचना पर हरिहरपुर रोड पर घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में प्रियांश वर्मा, प्रशांत शुक्ला और तुषार रस्तोगी घायल हो गए, जबकि सचिन कश्यप को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 24,100 रूपये की नकदी, सोने व चांदी के आभूषण, दो बाइक, आठ मोबाइल फोन और तीन तमंचे 315 बोर मय दो जिंदा व तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि आरोपी शातिर लुटेरे हैं और रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे। सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है और उन पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के इनाम से सम्मानित किया गया है।