भारत में पहली बार 2200 MT क्रेन का कमाल, अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर रचा इतिहास

भारत में पहली बार 2200 MT क्रेन का कमाल, अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर रचा इतिहास

1360 टन वजनी पोर्टल बीम का सफल लॉन्च, मणिनगर?अहमदाबाद रेलखंड पर ऐतिहासिक उपलब्धि

अहमदाबाद। मुंबई?अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (MAHSR) परियोजना के अंतर्गत अहमदाबाद में एक ऐतिहासिक इंजीनियरिंग उपलब्धि दर्ज की गई है। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में मणिनगर?अहमदाबाद रेलखंड पर अत्यंत जटिल तकनीकी कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 1360 टन वजनी प्रीकास्ट आरसीसी पोर्टल बीम का सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। यह कार्य भारतीय रेलवे के इतिहास में एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

यह महत्वपूर्ण कार्य किमी 497 (BKC/मुंबई से दूरी) पर स्थित पियर संख्या-05 पर किया गया, जिसकी निगरानी मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश तथा PCPM/NHSRCL अहमदाबाद श्री राजेश अग्रवाल की उपस्थिति में संपन्न हुई।

1360 टन वजनी बीम, 34 मीटर लंबी विशाल संरचना

लॉन्च की गई पोर्टल बीम अत्यंत भारी और विशाल संरचना है। इसका वजन करीब 1360 टन, लंबाई 34 मीटर, चौड़ाई 5.5 मीटर और ऊंचाई 4.5 मीटर है। इसे उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए M50 ग्रेड कंक्रीट से निर्मित किया गया है, जिससे इसकी मजबूती और दीर्घायु सुनिश्चित होती है।

पहली बार भारतीय रेलवे में 2200 टन क्षमता वाली क्रॉलर क्रेन का इस्तेमाल

इस भारी बीम को स्थापित करने के लिए 2200 टन क्षमता वाली अत्याधुनिक क्रॉलर क्रेन (SANY SCC38000TM) का उपयोग किया गया, जिसका भारतीय रेलवे में पहली बार प्रयोग हुआ है। यह क्रेन सुपर-लिफ्ट तकनीक से लैस है, जिससे इतनी भारी संरचनाओं को सुरक्षित और नियंत्रित तरीके से उठाकर स्थापित किया जा सकता है।

110 ट्रेलरों से पहुंची क्रेन, विशेषज्ञों की निगरानी में हुई असेंबली

इस विशाल क्रेन के विभिन्न हिस्सों को लगभग 110 ट्रेलरों के माध्यम से साइट तक पहुंचाया गया। इसके बाद विशेषज्ञ इंजीनियरों की देखरेख में चरणबद्ध तरीके से इसकी असेंबली की गई। यह प्रक्रिया अपने आप में तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण रही।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस आधुनिक तकनीक के उपयोग से कार्य की गति बढ़ी, समय की बचत हुई और उच्चतम सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।

3 घंटे 30 मिनट का ट्रैफिक ब्लॉक लेकर किया गया कार्य

इस बीम लॉन्चिंग के लिए मणिनगर?अहमदाबाद रेलखंड पर लगभग 3 घंटे 30 मिनट का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया और ब्लॉक समाप्त होते ही रेल यातायात को पुनः सामान्य कर दिया गया।

आगे भी होंगे कई पोर्टल बीम लॉन्च

परियोजना के आगामी चरणों में P06, P07, P08 और P09 जैसे अन्य पोर्टल बीमों का भी प्रक्षेपण प्रस्तावित है। ये बीम लगभग हर 6 दिन के अंतराल पर लॉन्च किए जाएंगे। इनका वजन लगभग 1070 से 1110 टन के बीच होगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जताई खुशी

इस उपलब्धि पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि गुजरात के मणिनगर में बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत सबसे भारी गिर्डरों में से एक का सफल प्रक्षेपण किया गया है। उन्होंने बताया कि यह बीम 1360 मीट्रिक टन वजनी है और इसे निर्धारित 3.5 घंटे में सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया।

बुलेट ट्रेन का एलाइन्मेंट तीन ट्रैक पार कर आगे बढ़ेगा

बताया गया कि मुंबई से आने वाली बुलेट ट्रेन का एलाइन्मेंट मणिनगर क्षेत्र में पारंपरिक रेलवे के UP, DN और 3rd लाइन ट्रैक को क्रॉस करते हुए ओल्ड रेलवे कॉलोनी क्रिकेट ग्राउंड और कांकरीया क्षेत्र से होकर गुजरेगा। इसके बाद यह अहमदाबाद स्टेशन होते हुए साबरमती मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब की ओर आगे बढ़ेगा।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की हेवी-लिफ्ट तकनीक से पारंपरिक तरीकों की तुलना में कार्य की सटीकता, सुरक्षा और गति में बड़ा सुधार होगा। यह उपलब्धि हाई स्पीड रेल परियोजना और भारतीय रेलवे के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।