पश्चिम रेलवे ने असारवा–आगरा कैंट विशेष ट्रेन का किया नियमितीकरण

पश्चिम रेलवे ने असारवा-आगरा कैंट विशेष ट्रेन का किया नियमितीकरण

अब 5 दिन चलेगी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

अहमदाबाद। यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 01920/01919 असारवा-आगरा कैंट-असारवा स्पेशल ट्रेन को नियमित ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन सप्ताह में 5 दिन चलेगी, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस फैसले से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी बल्कि रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

पश्चिम रेलवे के निर्णय के तहत अब यह विशेष ट्रेन नियमित ट्रेन संख्या 20177/20178 असारवा-आगरा कैंट-असारवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित की जाएगी।

ट्रेन का नया संचालन समय

ट्रेन संख्या 20177 (असारवा-आगरा कैंट) सुपरफास्ट एक्सप्रेस

यह ट्रेन 09 अप्रैल 2026 से सप्ताह में 5 दिन (मंगलवार एवं बुधवार को छोड़कर) असारवा से दोपहर 3:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:15 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 20178 (आगरा कैंट-असारवा) सुपरफास्ट एक्सप्रेस

यह ट्रेन 08 अप्रैल 2026 से सप्ताह में 5 दिन (सोमवार एवं मंगलवार को छोड़कर) आगरा कैंट से शाम 6:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:00 बजे असारवा पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर, जावर, उदयपुर सिटी, राणा प्रताप नगर, मावली जंक्शन, चंदेरिया, मांडलगढ़, बूंदी, केशोराय पाटन, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी एवं बयाना जंक्शन स्टेशनों पर रुकेगी।

कोच संरचना

इस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, स्लीपर तथा जनरल सेकंड क्लास के कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे व्यापार, पर्यटन और दैनिक यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। पश्चिम रेलवे द्वारा लिए गए इस निर्णय का यात्रियों ने स्वागत किया है।