समाजसेवी संतराम विश्वकर्मा ने पीलीभीत में प्रेस क्लब निर्माण की उठाई मांग, मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र

पीलीभीत। जिले में पत्रकारों की सुविधाओं को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र में पत्रकारों के लिए भवन/प्रेस क्लब की व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को पत्र भेजा गया है।
पत्र के माध्यम से समाजसेवी संतराम विश्वकर्मा,पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं प्रदेश सचिव, ओबीसी महासभा ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र के माध्यम से उनका ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र में पीलीभीत सदर, पूरनपुर, बीसलपुर, कलीनगर और अमरिया जैसी पांच महत्वपूर्ण तहसीलें शामिल हैं, लेकिन यहां पत्रकारों के लिए अब तक कोई स्थायी प्रेस क्लब या भवन उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज उठाने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करता है। ऐसे में पत्रकारों के लिए एक व्यवस्थित प्रेस क्लब का होना अत्यंत आवश्यक है, जहां वे बैठकर अपने कार्यों का संचालन कर सकें और समय-समय पर बैठकें आयोजित कर सकें।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पत्रकार अपने निजी जीवन से समय निकालकर दिन-रात खबरों के लिए कार्य करते हैं। यदि उन्हें एक उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए तो उनकी कार्यक्षमता और भी बेहतर हो सकती है तथा वे समाज से और अधिक प्रभावी तरीके से जुड़ सकेंगे।
अंत में मुख्यमंत्री से विनम्र अनुरोध किया गया है कि पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र में पत्रकारों के लिए भवन/प्रेस क्लब की व्यवस्था कराने के साथ-साथ पत्रकार सुरक्षा कानून एवं वेतन व्यवस्था पर भी विचार किया जाए, ताकि पत्रकारों का सम्मान और उनकी कार्यक्षमता दोनों में वृद्धि हो सके।