नजीबाबाद फायर स्टेशन पर अग्निसचेतकों/वालंटियर्स की बैठक आयोजित

नजीबाबाद फायर स्टेशन पर अग्निसचेतकों/वालंटियर्स की बैठक आयोजित

फसल आगजनी रोकथाम और त्वरित कार्रवाई के दिए गए निर्देश

बिजनौर। जनपद बिजनौर में आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के उद्देश्य से 06 अप्रैल को फायर स्टेशन नजीबाबाद में अग्निसचेतकों/वालंटियर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

यह बैठक महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ के आदेशानुसार आयोजित की गई, जिसमें डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय (मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जनपद बिजनौर) के कुशल निर्देशन में जनपद के विभिन्न ब्लाकों से आए अग्निसचेतकों एवं वालंटियर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान अग्निसचेतकों को आग दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं त्वरित नियंत्रण के लिए विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा बताया गया कि फसलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ने की संभावना रहती है, ऐसे में सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय संसाधनों की मदद से आग पर नियंत्रण करने का प्रयास करें।

बैठक में अग्निसचेतकों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र में उपलब्ध स्थानीय जलस्रोतों की जानकारी पहले से रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर फायर टैंकरों को पानी उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके साथ ही अग्निसचेतकों को अपने क्षेत्र के सभी महत्वपूर्ण विभागों के संपर्क नंबर अपने पास रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, विद्युत विभाग, लेखपाल एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के फोन नंबर सुरक्षित रखने को कहा गया, ताकि आपात स्थिति में उन्हें समय रहते सूचना देकर त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में यह भी कहा गया कि अग्निसचेतक और वालंटियर्स आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर आग से बचाव के उपायों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर उपस्थित सभी अग्निसचेतकों ने दिए गए निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिलाया।