"तन समर्पित मन समर्पित और यह जीवन समर्पित"

राष्ट्र सेवकों ने किया मरणोपरांत देह-दान, एम्स रायबरेली द्वारा प्रदान किए गए प्रमाण पत्र

अमित श्रीवास्तव

शिवगढ़ रायबरेली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं में या इनके विभिन्न आयोजनों में अक्सर एक गीत गाया जाता है जिसकी कुछ पंक्तियां इस प्रकार है-
"तन समर्पित मन समर्पित और यह जीवन समर्पित।
चाहता हूं मातृ भू तुझको अभी कुछ और दूं।।" इस गीत को गुनगुनाने वाले स्वयंसेवकों ने गीत के भाव को चरितार्थ करते हुए देश और समाज के प्रति, अपने समर्पण भाव की न केवल मिशाल पेश की है बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा स्रोत बनने का कार्य किया है, देश प्रेम की भावना से ओत प्रोत शिवगढ़ क्षेत्र के आर एस एस खण्ड कार्यवाह विनय त्रिवेदी, खण्ड चालक अमर सिंह राठौर, खण्ड बौद्धिक प्रमुख रामेश्वरसिंह तथा भाजपा मण्डल महामंत्री दिनेश सिंह भदौरिया सहित चार समाज सेवियों ने एम्स रायबरेली को मरणोपरांत अपना देह दान दिया है, जिसके लिए शनिवार को भवानीगढ़ चौराहे पर उन्हें एम्स रायबरेली द्वारा प्रदान किए प्रमाण पत्र, आर एस एस के सह जिला संघचालक डी बी सिंह के हाथों से दिए गए। डी बी सिंह ने अपील करते हुए कहा कि मृत्यु के बाद हमारे इस शरीर को नष्ट कर कर दिया जाता है जो कि निरर्थक है यदि इस मृत शरीर का उपयोग अध्ययन या अन्वेषण हेतु किया जाय तो निश्चित ही इसका लाभ संपूर्ण मानवता को मिल सकेगा, इसलिए लोग आगे बढ़ कर मरणोपरांत अपना देह दान कर राष्ट्र सेवा में भागीदार बनें। देह दान करने वाले समाज सेवियों का कहना है कि, हम सभी को कुछ ऐसे कार्य करने चाहिए जिसका लाभ संपूर्ण मानवता या मानव समाज को मिल सके, देह दान करने वाले समाज के ये रियल हीरो आशान्वित हैं, कि आज के अत्याधुनिक एवं वैज्ञानिक युग में मानव शरीर से संबंधित अध्ययनकर्ता या विशेषज्ञ, मरणोपरांत उनके शरीर का गहन व प्रत्यक्ष अध्ययन करके रोगोपचार इत्यादि, सम्पूर्ण मानव जाति या समाज के हितार्थ कुछ नवीन अनुसंधान कर सकेंगे। इस अवसर पर बीजेपी कार्यकर्ता अनुज अवस्थी, वीरेन्द्र सिंह, संजय सिंह आदि कई लोग उपस्थित रहे।