पूर्वोत्तर रेलवे नरसा ने किया महासचिव पंकज कुमार सिंह का सम्मान, लखनऊ मंडल स्थानांतरण पर दी विदाई

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) के तत्वावधान में शनिवार को महासचिव,नरसा एवं निवर्तमान मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के लखनऊ मंडल में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) पद पर स्थानांतरण के उपलक्ष्य में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन रेलवे अधिकारी क्लब, गोरखपुर में किया गया।

इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एवं अध्यक्ष नरसा अभय कुमार गुप्ता, सचिव महाप्रबंधक आनन्द ऋषि श्रीवास्तव, अध्यक्ष/रेलवे भर्ती सेल राजेश कुमार गुप्ता, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/भंडार एवं सचिव/हैंडबॉल कृष्ण चन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष/नरसा सुधीर श्रीवास्तव, सहायक क्रीड़ा अधिकारी चन्द्र विजय सिंह, विभिन्न खेलों के कोच, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह में अध्यक्ष/नरसा अभय कुमार गुप्ता ने पंकज कुमार सिंह को उनके नए पद के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य एवं सुखमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम का संचालन आसिफ जहीर ने किया तथा सहायक क्रीड़ा अधिकारी श्री चन्द्र विजय सिंह ने स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इसके अतिरिक्त जनसम्पर्क कार्यालय में आयोजित एक अन्य विदाई समारोह में पंकज कुमार सिंह को भावभीनी विदाई दी गई। साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे के नवागत मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सुमित कुमार ने पंकज कुमार सिंह को विभाग की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनसम्पर्क विभाग के निरीक्षक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

नवागत मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने कहा कि पंकज कुमार सिंह ने मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने जनसम्पर्क के साथ-साथ क्रीड़ा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा पूर्वोत्तर रेलवे में आयोजित कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

वहीं निवर्तमान सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि जनसम्पर्क विभाग में प्रतिदिन नई चुनौतियां आती हैं, जिन्हें धैर्य और अडिग विश्वास के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान सलाहकार/जनसम्पर्क चन्द्र प्रकाश चौहान ने पंकज कुमार सिंह के व्यक्तित्व और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने 10 जून 2019 को मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी का पदभार ग्रहण किया था और अल्प समय में कुशल मीडिया मैनेजर के रूप में अपनी पहचान बनाई। उनके कार्यकाल में वर्ष 2019 में आर्काइव की स्थापना, प्रेक्षागृह में स्टूडियो निर्माण तथा पॉडकास्ट की शुरुआत जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए। उन्होंने बताया कि श्री सिंह की देखरेख में भारतीय रेल बैडमिंटन टीम पोलैंड गई और विश्वस्तरीय टूर्नामेंट में शानदार जीत हासिल की।

समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने पंकज कुमार सिंह को उनके योगदान के लिए सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।