कुदरगढ़ धाम में श्रद्धालु और दुकानदार के बीच विवाद, वीडियो वायरल

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुदरगढ़ धाम में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब बाहरी राज्य से आए एक श्रद्धालु और स्थानीय दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर श्रद्धालु ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। घटना के बाद दुकानदार के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और तू-तू मैं-मैं होने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराने का प्रयास किया।इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल यह मामला थाने तक नहीं पहुंचा है और न ही किसी पक्ष द्वारा आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुदरगढ़ धाम जैसे धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटनाएं श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाती हैं।प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।