शाहीबाग अंडरपास 3 से 7 अप्रैल तक रोजाना 5 घंटे रहेगा बंद

शाहीबाग अंडरपास 3 से 7 अप्रैल तक रोजाना 5 घंटे रहेगा बंद

मरम्मत कार्य के चलते दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक यातायात रहेगा प्रतिबंधित, वैकल्पिक मार्ग जारी

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल अंतर्गत शाहीबाग अंडरपास संख्या 731A मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के कारण आगामी 3 अप्रैल 2026 से 7 अप्रैल 2026 तक यातायात के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस अवधि में अंडरपास के सभी प्रवेश एवं निकास मार्ग प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक बंद रखे जाएंगे।

रेलवे प्रशासन ने आमजन एवं मार्ग उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान यात्रा करते समय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

ये रहेंगे वैकल्पिक मार्ग

1. दिल्ली दरवाजा/सुभाष ब्रिज से एयरपोर्ट या गांधीनगर जाने वाले वाहन

दिल्ली दरवाजा एवं सुभाष ब्रिज की ओर से आने वाला ट्रैफिक जो एयरपोर्ट या गांधीनगर जाना चाहता है, वह सुभाष ब्रिज के अंत में शिलालेख फ्लैट होकर रिवरफ्रंट मार्ग का उपयोग करते हुए डफनाला के रास्ते एयरपोर्ट एवं गांधीनगर पहुंच सकेगा।

2. एयरपोर्ट/गांधीनगर से शहर की ओर आने वाला ट्रैफिक

एयरपोर्ट या गांधीनगर की ओर से आने वाले वाहन डफनाला रिवरफ्रंट मार्ग के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों की ओर जा सकेंगे। वहीं असारवा, गिरधरनगर, दिल्ली दरवाजा एवं कालूपुर जाने के लिए वाहन शाहीबाग होते हुए महाप्रज्ञजी ब्रिज का उपयोग कर सकेंगे।

3. गिरधरनगर/असारखा से एयरपोर्ट या गांधीनगर जाने वाले वाहन

गिरधरनगर-असारखा की ओर से आने वाला ट्रैफिक जिसे एयरपोर्ट या गांधीनगर जाना है, वह शाहीबाग होते हुए एनेक्सी, गायत्री मंदिर एवं आर्मी कैंटोनमेंट मार्ग से होकर एयरपोर्ट जा सकेगा। वहीं गांधीनगर की ओर जाने के लिए वाहन इंदिरा ब्रिज का उपयोग कर सकेंगे।

रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि निर्धारित समय में शाहीबाग अंडरपास से गुजरने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।