हरदोई में अभद्र टिप्पणी के आरोपी यदुनंदन वर्मा पर फिर कार्रवाई, रोड जाम और नारेबाजी में केस दर्ज, हिंदू देवी देवताओं पर की थी विवादित टिप्पणी

हरदोई। हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी के मामले में आरोपी यदुनंदन लाल वर्मा पर पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। पहले वीडियो वायरल होने के बाद हरपालपुर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जिला कारागार भेजा गया था।
रिहाई के बाद यदुनंदन लाल वर्मा ने अपने कुछ साथियों के साथ कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क के पास अवैधानिक रूप से रोड जाम कर दिया और उनके समर्थकों ने नारेबाजी व बयानबाजी की। इस दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस संबंध में कोतवाली शहर थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से रितेश पासी नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पहले ही कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन रिहाई के बाद दोबारा की गई गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए नए सिरे से मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।