मुरादाबाद में रुई फैक्ट्री में भीषण आग, फैक्ट्री जलकर राख; लाखों का नुकसान

मुरादाबाद। जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चकफाजलपुर इलाके में स्थित एक रुई (कॉटन) फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में उसने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते फैक्ट्री में रखा कच्चा माल और अन्य सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री से अचानक धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। आग फैलने के कारण आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं साथ ही सीएफओ डॉ आर के पाण्डेय और मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फैक्ट्री के अंदर मौजूद रुई और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आग बुझाने में भी काफी कठिनाई आई।

लाखों का सामान जलकर राख

आग लगने से फैक्ट्री में रखा रुई का स्टॉक, मशीनरी और अन्य जरूरी सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का सही आंकलन आग बुझने के बाद ही हो पाएगा।

आग लगने के कारणों का पता नहीं

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट, मशीनरी में खराबी या किसी अन्य कारण से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस मौके पर तैनात

घटना की सूचना पर कुंदरकी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। फैक्ट्री के आसपास लोगों की भीड़ को हटाकर इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।

फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश में जुटी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।