मुरादाबाद। स्मार्ट मीटर से बदलेगा बिजली सिस्टम

मुरादाबाद। स्मार्ट मीटर से बदलेगा बिजली सिस्टम

पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने स्मार्ट मीटर को लेकर प्रेस वार्ता करते हुए बड़ा बयान दिया है।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने से उपभोक्ताओं को बिल भुगतान में आसानी होगी और बिजली खपत की पूरी जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि अब तक मंडल में करीब 3 लाख 46 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जो कुल उपभोक्ताओं का लगभग 25 प्रतिशत है। रामपुर, संभल और मुरादाबाद जिलों में कुल 14 लाख उपभोक्ता हैं, जिनमें तेजी से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।

मुख्य अभियंता ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर की सटीकता पर उठ रहे सवाल बेबुनियाद हैं। पुराने और नए मीटर की जांच में दोनों की रीडिंग समान पाई गई है, कहीं भी स्मार्ट मीटर तेज चलने की शिकायत सही नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद मीटर रीडर से जुड़ी समस्याएं खत्म होंगी, बिलिंग प्रक्रिया पारदर्शी होगी और बिजली आपूर्ति में भी सुधार आएगा। फॉल्ट या डिस्कनेक्शन की स्थिति में बिजली कटौती का समय भी कम किया जा सकेगा।

अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक स्मार्ट मीटर लगवाएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं।