जहांगीरगंज सीएचसी में अवैध वसूली के आरोप, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

आलापुर (अम्बेडकर नगर)| तहसील आलापुर अंतर्गत थाना जहांगीरगंज क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जहांगीरगंज में तैनात एक कम्प्यूटर ऑपरेटर पर निजी अस्पताल संचालकों और आम लोगों से अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कम्प्यूटर ऑपरेटर अंजनी कुमार पर आरोप है कि वह जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर लोगों से लगभग ₹2000 तक की वसूली करता है। इतना ही नहीं, क्षेत्र के छोटे-बड़े निजी अस्पतालों और क्लीनिक संचालकों से भी निरीक्षण, लाइसेंस और अन्य प्रशासनिक कार्यों के नाम पर नियमित रूप से धन की मांग की जाती है।

स्थानीय अस्पताल संचालकों का आरोप है कि यदि कोई भुगतान करने से मना करता है, तो उसे जांच, नोटिस या छापेमारी की धमकी दी जाती है। एक संचालक ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि हर महीने एक तय रकम देने का दबाव बनाया जाता है।

इस कथित अवैध वसूली से जहां एक ओर ईमानदार अस्पताल संचालक परेशान हैं, वहीं इसका असर आम मरीजों पर भी पड़ रहा है, क्योंकि कई बार अतिरिक्त खर्च का बोझ मरीजों पर डाल दिया जाता है।

मामले में जब संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो शुरुआती स्तर पर जानकारी से इंकार किया गया। हालांकि बाद में अधिकारियों ने लिखित शिकायत मिलने पर जांच का आश्वासन दिया।

सीएचसी के अधीक्षक कमलेश चौधरी ने कहा कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है और इस विषय में कार्यालय आकर जानकारी ली जा सकती है। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) संजय शेखवाल ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।

जांच की जिम्मेदारी अपर सीएमओ उदयचंद्र यादव को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय नागरिकों और अस्पताल संचालकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये, ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता और भरोसा कायम रह सके।