यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा चार विशेष ट्रेनें, कानपुर-कोलकाता समेत कई रूटों पर मिलेगा लाभ

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा चार विशेष ट्रेनें, कानपुर-कोलकाता समेत कई रूटों पर मिलेगा लाभ

लखनऊ/वाराणसी। रेल प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत कानपुर सेंट्रल-कोलकाता, आजमगढ़-बांद्रा टर्मिनस, गोमतीनगर-बांद्रा टर्मिनस तथा मऊ-वलसाड मार्ग पर विशेष रेल सेवाएं संचालित की जाएंगी। इन ट्रेनों से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में राहत मिलेगी और भीड़ नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार गाड़ी संख्या 04153/04154 कानपुर सेंट्रल-कोलकाता-कानपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन कुल 13 फेरों के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से प्रत्येक गुरुवार को 02 अप्रैल 2026 से 25 जून 2026 तक चलेगी, जबकि वापसी में कोलकाता से प्रत्येक शुक्रवार को 03 अप्रैल 2026 से 26 जून 2026 तक संचालित होगी। इस ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे। यह ट्रेन फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, गया, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, नैहाटी सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 05183/05184 आजमगढ़-बांद्रा टर्मिनस-आजमगढ़ सुपरफास्ट विशेष ट्रेन को भी यात्रियों के लिए चलाया जाएगा। यह ट्रेन आजमगढ़ से प्रत्येक शनिवार को 04 अप्रैल 2026 से 11 जुलाई 2026 तक कुल 15 फेरों के लिए संचालित होगी। वहीं वापसी में बांद्रा टर्मिनस से प्रत्येक सोमवार को 06 अप्रैल 2026 से 13 जुलाई 2026 तक कुल 15 फेरे लगाए जाएंगे। ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। यह ट्रेन मऊ, बनारस, प्रयागराज, गोविंदपुरी, टूंडला, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत और बोरिवली जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 05033/05034 गोमतीनगर-बांद्रा टर्मिनस-गोमतीनगर विशेष ट्रेन का संचालन भी किया जाएगा। यह ट्रेन गोमतीनगर से प्रत्येक सोमवार को 06 अप्रैल 2026 से 13 जुलाई 2026 तक कुल 15 फेरों के लिए चलेगी। वहीं वापसी में बांद्रा टर्मिनस से प्रत्येक मंगलवार को 07 अप्रैल 2026 से 14 जुलाई 2026 तक कुल 15 फेरे संचालित होंगे। इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर तथा एसी श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे। ट्रेन का ठहराव बादशाह नगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी, बोरिवली आदि स्टेशनों पर होगा।

इसके साथ ही गाड़ी संख्या 05017/05018 मऊ-वलसाड-मऊ विशेष ट्रेन भी शुरू की जा रही है। यह ट्रेन मऊ से प्रत्येक शनिवार को 04 अप्रैल 2026 से 11 जुलाई 2026 तक 15 फेरों के लिए चलाई जाएगी, जबकि वापसी में वलसाड से प्रत्येक रविवार को 05 अप्रैल 2026 से 12 जुलाई 2026 तक 15 फेरे लगाए जाएंगे। इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे। यह ट्रेन बेलथारा रोड, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत होते हुए वलसाड पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की समय-सारणी, ठहराव तथा आरक्षण संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित स्टेशन से प्राप्त कर लें। रेलवे का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा और प्रमुख रूटों पर भीड़ कम होगी।