हरदोई में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से दंपति और मासूम बेटी की मौत, मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेकर राहत कार्य में तेजी के दिए निर्देश

हरदोई। जनपद के हरपालपुर थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति और उनकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ककरा गांव के पास करीब चार बजे हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कंटेनर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में ईसेपुर निवासी मोनू (30), उनकी पत्नी नीलम (28) और 10 वर्षीय बेटी लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
वहीं, घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।