हरदोई में भैंस बांधने के विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, चार घायल, तीन पुलिस हिरासत में

हरदोई। जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंअरपुर में भैंस बांधने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लाठी-डंडों से हुए हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुंअरपुर निवासी राधेश्याम उर्फ मैकूलाल अपने घर के बाहर खटिया पर बैठे थे। इसी दौरान भैंस बांधने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दबंगों ने राधेश्याम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल उपचार के लिए शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
एएसपी सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि जमीनी विवाद और भैंस बांधने को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें घायल राधेश्याम की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस मामले में कुंअरपुर निवासी ब्रजेश, मंजेश और अखिलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।