हरदोई में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, सड़क निर्माण में बाधा बना निर्माण ध्वस्त, संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

हरदोई। जनपद के सांडी कस्बे के मोहल्ला नौशाहरा स्थित पक्के बाग क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। डूडा विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में एक व्यक्ति द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण बाधा उत्पन्न हो रही थी, जिसे हटाने के लिए संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, गंगाराम पुत्र बद्री और उनकी पत्नी गंगावती द्वारा सड़क की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से लैट्रिन और टैंक का निर्माण कर लिया गया था। इस अवैध निर्माण के कारण सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था और आमजन को भी असुविधा हो रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संयुक्त टीम का गठन किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर पालिका परिषद का बुलडोजर मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
इस दौरान नायब तहसीलदार अमित चौधरी, थाना प्रभारी बसंत लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं अधिशासी अधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कार्रवाई की निगरानी की।
प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।