मध्य रेलवे की बड़ी सफाई: दादर–रत्नागिरी ट्रेन शिफ्टिंग से लेकर नई ट्रेनों तक पूरी जानकारी सामने

मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ हुई एक अहम बैठक में मध्य रेलवे ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की। रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों के संचालन, बदलाव और बढ़ाई गई सुविधाओं को लेकर विस्तार से जानकारी दी।

बैठक में बताया गया कि कोरोना काल के बाद जब दादर?रत्नागिरी ट्रेन दोबारा शुरू हुई, तो वर्ष 2021 में इसे दादर से दिवा स्टेशन शिफ्ट किया गया। इसका मुख्य कारण लोकल ट्रेनों की पंक्चुएलिटी को प्रभावित होने से बचाना था। रेलवे के अनुसार, दिवा स्टेशन पर इस ट्रेन के क्रॉसिंग के दौरान 7 से 8 लोकल ट्रेनों को रुकना पड़ता था, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा होती थी। शिफ्टिंग के बाद लोकल ट्रेनों की समयपालन में सुधार हुआ है और रत्नागिरी जाने वाली ट्रेन की पंक्चुएलिटी भी बेहतर हुई है।

वहीं, लोकमान्य टिलक टर्मिनस से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन को अगस्त 2022 से दादर स्टेशन से संचालित किया जा रहा है। रेलवे ने बताया कि एलएचबी कोच के लिए लोकमान्य टिलक टर्मिनस को मुख्य डिपो बनाए जाने के चलते यह बदलाव किया गया। इसी कारण इस ट्रेन के कोच की संख्या 22 से घटाकर 17 करनी पड़ी। फिलहाल इस ट्रेन के संचालन में कोई नया बदलाव नहीं किया गया है।

रेलवे ने यह भी जानकारी दी कि 17 मार्च 2026 को 14 ट्रेनों को नियमित ट्रेन का दर्जा दिया गया, जिनमें से 7 ट्रेनें महाराष्ट्र के भीतर ही संचालित हो रही हैं। 2022 के बाद से मध्य रेलवे ने कुल 33 नई लंबी दूरी की ट्रेनों की शुरुआत की है।

कोंकण क्षेत्र की कनेक्टिविटी पर बात करते हुए रेलवे ने बताया कि वर्तमान में मध्य रेलवे से रोजाना 21 ट्रेनें कोंकण के लिए चलती हैं। इनमें 6 ट्रेनें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से, 8 लोकमान्य टिलक टर्मिनस से, 1 दादर से, 4 कल्याण से और 2 दिवा स्टेशन से संचालित होती हैं। इसके अलावा वसई रोड से पनवेल होते हुए 25 ट्रेनें कोंकण रेलवे के लिए चलाई जाती हैं। इस प्रकार यात्रियों को रोजाना कुल 46 ट्रेनों की सुविधा मिल रही है।

त्योहारों के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन पर भी रेलवे ने जानकारी दी। पिछले वर्ष गणेशोत्सव के लिए 302 स्पेशल ट्रेनें, 52 समर स्पेशल और 36 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। वहीं इस वर्ष अब तक 72 समर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा चुकी है और होली के अवसर पर 18 विशेष ट्रेनें संचालित की गईं।

रेलवे ने स्पष्ट किया कि 2022 के बाद से किसी भी ट्रेन को स्थायी रूप से रद्द नहीं किया गया है।

इसके अलावा कोंकण कनेक्टिविटी को और मजबूत करते हुए जुलाई 2023 से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से मडगांव के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की गई। वहीं सितंबर 2024 से बांद्रा टर्मिनस से मडगांव के बीच सप्ताह में दो बार नई ट्रेन सेवा शुरू की गई है। साथ ही, नवंबर 2022 में लोकमान्य टिलक टर्मिनस?मडगांव ट्रेन की फ्रीक्वेंसी भी बढ़ाकर सप्ताह में एक बार से चार बार कर दी गई है।

रेलवे के इन आंकड़ों और फैसलों से साफ है कि यात्रियों की सुविधा, समयपालन और कनेक्टिविटी सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।