वाल्मीकि समुदाय पर अभद्र टिप्पणी करने वाला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मिस्टर पीलीभीत वसीम रजा गिरफ्तार

पीलीभीत। टाइगर रिजर्व के भ्रमण के दौरान वाल्मीकि समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले 'मिस्टर पीलीभीत' सोशल मीडिया पेज के संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। टिप्पणी का वीडियो वायरल होते ही रविवार को शहर में भारी तनाव फैल गया था, जिसके बाद आक्रोशित समुदाय के लोगों ने गैस चौराहे पर जाम लगाकर जोरदार हंगामा किया।
वीडियो वायरल होते ही सड़कों पर निकल आए।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वसीम रजा उर्फ 'मिस्टर पीलीभीत' ने हाल ही में पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) का भ्रमण किया था। इस दौरान उसने अपने सोशल मीडिया हैंडल के लिए एक वीडियो बनाया, जिसमें वाल्मीकि समुदाय के प्रति बेहद अपमानजनक और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। रविवार सुबह जैसे ही यह वीडियो सार्वजनिक हुआ, समुदाय के सैकड़ों लोग मोहल्ला नखासा स्थित वाल्मीकि मंदिर पर एकत्र हो गए और जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एएसपी विक्रम दहिया, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गैस चौराहे पर जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों की थाना सुनगढ़ी के कस्बा इंचार्ज शुभम भारती से तीखी नोकझोंक भी हुई। माहौल बिगड़ता देख इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और दरोगा को वहां से हटा दिया गया। अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ही जाम खोला जा सका।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहल्ला नखासा निवासी हिमांशु नंदन की तहरीर पर आरोपी वसीम रजा के खिलाफ थाना सुनगढ़ी में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, देर शाम एक बार फिर प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को उनके हवाले करने की मांग को लेकर हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि कर स्थिति को नियंत्रित किया। 'मिस्टर पीलीभीत' पेज के संचालक वसीम रजा को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है।