भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने गेहूं खरीद में क्रय-केंद्रों को बढ़ाने और क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित ज्ञापन डीएम को सौंपा 

पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार को जिलाधिकारी पीलीभीत को किसानों और क्षेत्रीय जनता की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। भारतीय किसान यूनियन के युवा जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी ने गेहूं खरीद में व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने एवं क्रय केंद्रों में वृद्धि से संबंधित ज्ञापन दिया। गुरदीप सिंह ने बताया कि गेहूं की खरीद 70 कुटंल प्रति हेक्टर के आधार पर की जाए, जिससे कि किसानों को एमएसपी का पूरा लाभ मिल सके। इसके अलावा जनपद में क्रय केंद्रों की संख्या बहुत कम है, जिसे बढ़ाया जाए। गेहूं क्रय केंद्रों पर व्याप्त भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को समाप्त किया जाए। इसके अलावा पीलीभीत- माधोंटांडा मार्ग पर मथना जपती से लेकर नवदिया तक 7 किलोमीटर का सड़क निर्माण कार्य कराया गया उसमें भारी अनियमितताएं बरती गई है। इस सड़क को बने अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ, लेकिन सड़क जगह-जगह उखड़ने लगी है। निर्माण कार्य होने के बाद भी सड़क के दोनों किनारों पर पटरिया नहीं बनाई गई है जिससे सड़क किनारों से टूटकर गिरने लगी है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी असुविधा और दुर्घटनाओं का भय बना हुआ है। सड़क निर्माण में मानक के अनुसार सामग्री का प्रयोग नहीं किया गया है कई स्थानों पर डामट की परत इतनी पतली है कि एक इंच भी नहीं है, जिससे सड़क अभी से उखड़ने लगी है। युवा जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी ने बताया कि इस 7 किलोमीटर मार्ग के निर्माण की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए, साथ ही दोषी ठेकेदार एवं संबंधित लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। सड़क का मानक के अनुसार पुनर्निर्माण कराया जाए ताकि आमजन को सुगम यातायात मिल सके। यदि एक सप्ताह के भीतर उचित कार्रवाई नहीं होती तो किसान यूनियन व क्षेत्रवासी धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेवारी शासन प्रशासन की होगी।
इस दौरान युवा जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह, युवा महासचिव पीलीभीत बलजीत सिंह, जमुना प्रसाद, महेंद्र कुमार, महेश चंद्र वर्मा, आदि उपस्थित रहे।