नवरात्रि में सख्ती: जम्मू मंडल का विशेष टिकट चेकिंग अभियान, 249 बिना टिकट यात्री पकड़े

जम्मू। नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष टिकट चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 22 मार्च 2026 को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से पठानकोट कैंट रेल खंड पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के निर्देशन में गठित विशेष टीमों द्वारा संचालित किया गया, जिसमें टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान भी शामिल रहे। टीमों ने विभिन्न ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में गहन जांच करते हुए बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल 249 यात्रियों को बिना वैध टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया। इनसे मौके पर ही करीब 1 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस कार्रवाई से न केवल रेलवे को राजस्व की प्राप्ति हुई, बल्कि ईमानदारी से टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी राहत मिली।

चेकिंग अभियान के दौरान यात्रियों को रेलवन ऐप के बारे में जागरूक किया गया, जिससे वे टिकट बुकिंग और अन्य रेलवे सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकें।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करते हैं, ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही यात्रियों से अपील की गई कि वे नियमों का पालन करते हुए वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें, ताकि सभी को सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।