एईडीपी योजना के तहत सरस्वती शिक्षण सदन में नए रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू

- राजस्थान के सिर्फ 17 कॉलेजों का हुआ चयन, उसमें सरस्वती शिक्षण सदन भी चयनित

श्रीगंगानगर। सरस्वती शिक्षण सदन, 11 एलएनपी रीको, श्रीगंगानगर का केंद्र सरकार के एईडीपी प्रोग्राम के लिए चयन हुआ, जो श्रीगंगानगर के लिए बहुत गौरव की बात है। यह जानकारी आज गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के पदाधिकारियों ने दी। इस अवसर पर एईडीपी (अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम) योजना के अंतर्गत एक प्रभावशाली सम्मेलन का आयोजन किया गया।

इस दौरान सरस्वती एग्रीकल्चर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस मल्होत्रा एवं पीजी कॉलेजे के प्राचार्य डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि राज्य सरकार ने सत्र 2025?26 में एईडीपी योजना की शुरुआत 12 सरकारी महाविद्यालयों में की थी, जिसे सत्र 2026?27 में बढ़ाकर 32 सरकारी महाविद्यालयों, 17 निजी महाविद्यालयों एवं 4 निजी विश्वविद्यालयों तक विस्तारित किया जा रहा है। सरस्वती शिक्षण सदन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, श्रीगंगानगर का चयन इस योजना में होना संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया गया।

योजना के तहत विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जा रहे हैं। इनमें कला स्नातक (पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन), कला स्नातक (सामग्री एवं रचनात्मक लेखन), वाणिज्य स्नातक (ई-व्यापार संचालन), वाणिज्य स्नातक (रसद प्रबंधन), विज्ञान स्नातक (स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन) एवं विज्ञान स्नातक (निर्माण परियोजना प्रबंधन) शामिल हैं, जबकि अनुप्रयुक्त डेटा विज्ञान एवं व्यवसाय विश्लेषण तथा फसलोपरांत प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रम प्रस्तावित हैं। प्रेस वार्ता में सौरभ मीडिया के एमडी सौरभ जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और सरस्वती परिवार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी।

सम्मेलन में शिक्षा और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि इस योजना के माध्यम से छात्रों को स्नातक स्तर पर ही प्रशिक्षुता एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव प्राप्त होगा और वे रोजगार के लिए अधिक सक्षम बन सकेंगे।

वक्ताओं ने कहा कि यह योजना राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शैक्षणिक एवं व्यावसायिक शिक्षा के समन्वय को मजबूत करती है तथा छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम में शिक्षा एवं उद्योग जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें डॉ. पी.एस. सूदन (प्रबंध निदेशक, नोजगे पब्लिक स्कूल), ब्रिजेश कुमार (गगन फार्मास्यूटिकल्स), डॉ. मीतू शर्मा (प्राचार्य, बीडीआईएस), डॉ. प्रभु दान चारण (सह-आचार्य, एमजीएसयू), गौरव गुप्ता (प्रबंध निदेशक, सुरेंद्र ग्रुप ऑफ संस्थान), सूरज अग्रवाल (अध्यक्ष, सुरेंद्र ग्रुप), श्री भंवर (मिभांशी डेवलपर्स), राजकरण सिंह (पावराज वैक्सिंग प्लांट एवं कोल्ड स्टोर), कुलदीप सिंह (कृषक), रघुबीर सिंह (एसएसएस किन्नू वैक्सिंग प्लांट), पंकज सैनी (लोक निर्माण विभाग), प्रीति गर्ग (उप निदेशक, उद्यानिकी) आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।