हरदोई में बैंक कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन, अंचल प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, समाधान न होने पर 30 मार्च को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की चेतावनी

हरदोई। यूपी बैंक एम्प्लॉइज यूनियन (UPBEU) हरदोई इकाई के बैनर तले बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन ने कार्यदिवस की समाप्ति पर बैंक ऑफ इंडिया के अंचल कार्यालय, हरदोई में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद यूनियन नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर अंचल प्रबंधक किरण पाठक को ज्ञापन सौंपा।
यह प्रदर्शन बैंक प्रबंधन की कथित कर्मचारी-विरोधी नीतियों और द्विपक्षीय समझौतों के उल्लंघन के खिलाफ फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ यूनियंस के आह्वान पर आयोजित किया गया। यूनियन ने 30 मार्च 2026 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान भी किया है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यूपीबीईयू हरदोई इकाई के सेक्रेटरी राकेश पाण्डेय ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी बैंक प्रबंधन की होगी। जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि शाखाओं में स्टाफ की भारी कमी के बावजूद पद खाली रखे जा रहे हैं, जिससे कार्यभार बढ़ रहा है और ग्राहक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
संयुक्त मंत्री वीर बहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि स्पेशल पे पद लंबे समय से खाली रखे जा रहे हैं तथा कर्मचारियों को आवश्यक परिस्थितियों में भी अवकाश नहीं दिया जा रहा। वहीं उपाध्यक्ष आनंद वर्मा ने कहा कि कई मामलों में वेतन वृद्धि और स्टैग्नेशन इंक्रीमेंट को अनुचित रूप से रोका जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष है।
प्रदर्शन में अजय मेहरोत्रा, कौशलेंद्र शुक्ला, गौरव सिंह, अनिल कुमार, मो० असलम, विपिन गुप्ता, अमित पाण्डेय, संतोष कुमार, आशुतोष, संदीप, रोहित, केशन, योगेंद्र पाल, अजय यादव, सुभाष पांडे, कैलाश बाजपेई, मनोज कुमार और उत्कर्ष गुप्ता सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।