बिगड़े मौसम में भी श्रद्धालुओं का जोश हाई, बारिश के कारण हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित

बिगड़े मौसम में भी श्रद्धालुओं का जोश हाई, बारिश के कारण हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित

खराब मौसम और बारिश के बावजूद माता वैष्णो देवी की यात्रा उत्साहपूर्वक जारी है। हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित हुई, पर बैटरी कार और रोपवे सामान्य हैं। सुरक्षा बढ़ाई गई है, और बुधवार शाम तक 18 हजार श्रद्धालु भवन के लिए रवाना हुए।

खराब मौसम, बारिश के बावजूद वैष्णो देवी यात्रा जारी।

हेलीकॉप्टर सेवा बाधित, बैटरी कार, रोपवे सामान्य।

सुरक्षा बढ़ाई गई, चैत्र नवरात्र में लाखों की उम्मीद।

कटड़ा। बुधवार को बिगड़े मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और मां वैष्णो देवी की यात्रा निरंतर जारी रही। दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही, वहीं ठंडी और बर्फीली हवाओं ने मौसम को और सर्द बना दिया। इसके बावजूद श्रद्धालु गर्म कपड़े और बरसाती ओढ़कर परिवार सहित भवन की ओर प्रस्थान करते रहे।

मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी व जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे और यात्रा पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

श्रद्धालुओं को सावधानी बरतते हुए यात्रा करने की सलाह दी जा रही है। बारिश के चलते कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को विश्राम भी करना पड़ा, लेकिन उनके कदम निरंतर भवन की ओर बढ़ते रहे। मौसम के मौजूदा मिजाज को देखते हुए बर्फबारी की संभावना भी जताई जा रही है।

बैटरी कार और रोपवे सेवाएं सामान्य रूप से रही संचालित

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा दिन के अधिकांश समय बंद रही, जिससे यात्रियों को पैदल, घोड़े, पिट्ठू या पालकी के माध्यम से ही यात्रा करनी पड़ी। हालांकि बैटरी कार और रोपवे सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

आंकड़ों के अनुसार, बुधवार शाम छह बजे तक करीब 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन के लिए रवाना हो चुके थे। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक लगभग 16 लाख श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन कर चुके हैं। आगामी चैत्र नवरात्रों के दौरान तीन से चार लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। रोजाना हजारों श्रद्धालुओं का आगमन जारी है और पूरा क्षेत्र 'जय माता दी' के जयकारों से गूंज रहा है।