नवरात्रि पर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत: कोलकाता–जम्मू तवी एक्सप्रेस में अतिरिक्त स्लीपर कोच की व्यवस्था

जम्मू। नवरात्रि पर्व के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा हेतु अहम निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 13151/13152 कोलकाता-जम्मू तवी-कोलकाता एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा, जिससे हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह विशेष व्यवस्था 20 मार्च से 02 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी। इस दौरान जम्मू की ओर जाने वाले यात्रियों, विशेषकर माता वैष्णो देवी के दर्शनार्थियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है, जिससे ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) और भीड़ की समस्या आम हो जाती है।

अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाए जाने से न केवल वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी, बल्कि मौजूदा डिब्बों में भी भीड़ का दबाव भी कम होगा। रेलवे के अनुसार इस व्यवस्था से प्रतिदिन करीब 72 से 80 यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में सहायता मिलेगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक आरामदायक और सुरक्षित हो सकेगी।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि नवरात्रि के पावन अवसर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी यात्रा को सुगम बनाना है। साथ ही वेटिंग लिस्ट की निरंतर निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएंगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी बर्थ की अद्यतन स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से जांचते रहें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नवरात्रि के दौरान यह पहल श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी और उनकी यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाएगी।