हरदोई जिला कारागार का निरीक्षण, जिला जज ने कैदियों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन देने के दिए निर्देश, बच्चों को पोषण किट की वितरित

हरदोई। जिला जज रीता कौशिक ने मंगलवार को जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के साथ जिला कारागार का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुरुष और महिला बैरकों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला जज ने उन कैदियों के लिए विशेष चिंता जताई, जो आर्थिक तंगी के कारण जमानत नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने ऐसे बंदियों को शासकीय अधिवक्ता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, ताकि उन्हें न्याय मिलने में किसी प्रकार की बाधा न हो।
महिला बैरक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां रह रहे बच्चों से भी मुलाकात की और उन्हें पोषण किट सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। इस पहल से महिला बंदियों और उनके बच्चों में खुशी देखी गई।
जिला जज ने कारागार अस्पताल का भी निरीक्षण किया और भर्ती बीमार कैदियों का हालचाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने जेल की पाकशाला (रसोई) में जाकर भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैदियों को निर्धारित मीनू के अनुसार समय पर भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया जाए तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर जेल अधीक्षक अमन प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।