नवरात्रि के अवसर पर जम्मू–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच की सुविधा बढ़ाई गई

नवरात्रि के अवसर पर जम्मू?नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच की सुविधा बढ़ाई गई

नवरात्रि के पावन अवसर पर यात्रियों, विशेषकर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संख्या 12426 जम्मू?नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में अतिरिक्त थर्ड एसी (3एसी) कोच लगाने की सुविधा को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह सुविधा अब 16 मार्च से 20 मार्च 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

जम्मू मंडल के अनुसार यह निर्णय मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार के निर्देशन में लिया गया है, ताकि नवरात्रि के दौरान यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके। अतिरिक्त कोच लगाए जाने से प्रतीक्षा सूची में कमी आएगी और अधिक यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इससे पहले भी 13, 14 और 15 मार्च को इस ट्रेन में एक अतिरिक्त 3एसी कोच लगाया गया था। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अब इस व्यवस्था को 16 मार्च से 20 मार्च तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

अतिरिक्त कोच जुड़ने से प्रत्येक फेरे में लगभग 72 अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी, जिससे अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नवरात्रि के दौरान यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सके और उनकी यात्रा सुरक्षित तथा आरामदायक हो। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कोच आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों से लैस है। त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले अपनी सीट की उपलब्धता और ट्रेन की वर्तमान स्थिति की जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।