ग्राम मुर्झाहेड़ी में जल महोत्सव का हुआ आयोजन

राजगढ़। राजगढ़ जिले के ब्लॉक जीरापुर अंतर्गत ग्राम मुर्झाहेड़ी पंचायत मीनागांव में मंगलवार को जल महोत्सव का आयोजन विधायक खिलचीपुर श्री हजारीलाल दांगी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। विधायक खिलचीपुर श्री दांगी ने ग्रामीणों से समय पर जल कर जमा कर योजना के सुचारु संचालन में सहयोग करने का आह्वान किया। सरपंच श्रीमती चिंता बाई ने ग्रामवासियों की ओर से योजना के बेहतर संचालन का आश्वासन दिया। वहीं मप्र जल निगम के महाप्रबंधक श्री उमाकांत चौधरी ने पंचायत एवं जल समिति को जिम्मेदारीपूर्वक नल-जल योजना संचालित करने के निर्देश दिए।साथ ही ग्राम में जल कलश यात्रा एवं रैली निकाली गई। जिसमें बालिकाएं, महिलाएं एवं पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली प्राथमिक विद्यालय से प्रारंभ होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंची, जहां जल अर्पण के साथ योजना का लोकार्पण किया गया। इसी के साथ स्कूल में पेंटिंग, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से जल संरक्षण एवं समय पर जल कर जमा करने का संदेश दिया गया। आयोजन की पूर्व संध्या पर ग्रामीणों ने दीपक एवं रंगोली से ?जल दिवाली? मनाई। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।