मानव अधिकार एवं महिला सुरक्षा ट्रस्ट द्वारा तरुण खटीक के हत्यारों पर कठोर कर्रवाई की मांग

पचोर -दिल्ली के उत्तम नगर (विकास नगर) में होली के दिन हुई तरुण खटीक की हत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। सोमवार को पचोर में मानव अधिकार एवं महिला सुरक्षा ट्रस्ट द्वारा तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन भारत के राष्ट्रपति को संबोधित है। मानव अधिकार एवं महिला सुरक्षा ट्रस्ट द्वारा ज्ञापन के माध्यम से पांच सूत्रीय मांगें रखी हैं। उन्होंने बताया कि जिस तरह से भीड़ ने एक युवक को पीट-पीटकर मार डाला, वह कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। ज्ञापन में मुख्य रूप से फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा, सरकारी नौकरी और आरोपियों पर एससी/एसटी एक्ट के तहत कठोरतम कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपते समय मानव अधिकार एवं महिला सुरक्षा ट्रस्ट पचोर के सदस्यों ने एक स्वर में न्याय की गुहार लगाई। प्रशासन को सौंपे गए इस पत्र में चेतावनी दी गई है कि समाज में असुरक्षा की भावना को खत्म करने के लिए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई अनिवार्य है। जिला अध्यक्ष श्रीमती निर्मला अलावे, जिला प्रभारी श्रीमती बिंदिया सिसोदिया, जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम नागर, सदस्य श्रीमती माया देवी एवं आदि लोग उपस्थित रहे।