“ऑपरेशन संरक्षा” के तहत बड़ी कार्रवाई: 7 दिनों में 3 आरोपी गिरफ्तार, ज्वलनशील पदार्थों पर सख्ती

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेल सुरक्षा बल, नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए"ऑपरेशन संरक्षा"के तहत ज्वलनशील पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 10 मार्च से 16 मार्च 2026 के बीच सात दिनों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन में गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, केरोसीन और पटाखों जैसे ज्वलनशील पदार्थों का परिवहन करना कानूनन अपराध है। इससे यात्रियों की जान के साथ-साथ रेल संपत्ति को भी गंभीर खतरा हो सकता है।

ऐसे हुई कार्रवाई

10 मार्च 2026

गाड़ी संख्या 12810 हावड़ा?मुंबई मेल में गोंदिया के पास चेकिंग के दौरान एक यात्री को अवैध गैस सिलेंडर के साथ पकड़ा गया।

15 मार्च 2026

नैनपुर में गाड़ी संख्या 51712 की जांच के दौरान एक महिला यात्री के पास से घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया गया।

16 मार्च 2026

इतवारी रेलवे स्टेशन पर संयुक्त फायर सेफ्टी ड्राइव के दौरान एक व्यक्ति को गैस स्टोव (सिलेंडर सहित) के साथ पकड़ा गया।

तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

अधिकारियों का निर्देशन

यह अभियान मुन्नवर खुर्शीद, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन तथा दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। अभियान में विभिन्न RPF पोस्ट, विशेष टीमें और राज्य एजेंसियां मिलकर लगातार चेकिंग कर रही हैं।

यात्रियों से अपील

रेल सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ साथ न रखें। यदि ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या नजदीकी RPF पोस्ट को सूचना दें।

'ऑपरेशन संरक्षा'के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि रेल यात्रा को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाया जा सके।