दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में एआई आधारित वैगन डैमेज डिटेक्शन सिस्टम की स्थापना, रेल संरक्षा और माल परिचालन होगा और सुदृढ़

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, कुशल और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में भिलाई स्थित पी.पी. यार्ड में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित वैगन डैमेज डिटेक्शन सिस्टम की सफलतापूर्वक स्थापना और कमीशनिंग की गई है।

इस अत्याधुनिक प्रणाली का मुख्य उद्देश्य यार्ड परीक्षण के लिए आने वाली मालगाड़ियों के वैगनों में होने वाली भौतिक क्षतियों की तेजी और सटीकता से पहचान करना है, ताकि मरम्मत कार्य को अधिक प्रभावी बनाया जा सके और रेल संरक्षा को और मजबूत किया जा सके।

यह एआई आधारित प्रणाली मशीन लर्निंग एल्गोरिदम की सहायता से वैगनों में होने वाली विभिन्न प्रकार की भौतिक क्षतियों का स्वतः पता लगाने में सक्षम है। इसके माध्यम से वैगनों में डोर की कमी, क्षतिग्रस्त दरवाजे, अवशिष्ट माल (रेजिडुअल कंसाइनमेंट), फर्श की शीट का अभाव तथा बॉडी पैनल की कमी जैसे दोषों की पहचान की जा सकती है। जब कोई मालगाड़ी यार्ड में प्रवेश कर इस सिस्टम से गुजरती है, तो यह प्रणाली स्वतः प्रत्येक वैगन नंबर के साथ चिन्हित दोषों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर देती है।

इस प्रणाली में उच्च गुणवत्ता वाले 6 हाई-डेफिनिशन मशीन विज़न कैमरे, विशेष प्रकाश स्रोत तथा एक समर्पित सर्वर रूम की व्यवस्था की गई है। कैमरों द्वारा प्राप्त चित्रों और संकेतों को सर्वर पर प्रोसेस कर विश्लेषण किया जाता है, जिसके आधार पर प्रत्येक वैगन की स्थिति का सटीक आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाती है।

एआई आधारित यह प्रणाली यार्ड में पारंपरिक निरीक्षण प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही वैगनों में संभावित क्षतियों की जानकारी उपलब्ध करा देती है। इससे यार्ड निरीक्षण, दोषों की पहचान और मरम्मत कार्य की योजना बनाने में काफी मदद मिलती है, जिससे समय की बचत के साथ-साथ कार्य की गुणवत्ता भी बेहतर होती है।

यह प्रणाली सेल्फ-लर्निंग एआई तकनीक पर आधारित है, जिसके कारण समय के साथ इसकी कार्यक्षमता और सटीकता में निरंतर सुधार होता रहता है। सिस्टम द्वारा एकत्रित डाटा का विश्लेषण कर यह स्वयं को और अधिक सक्षम बनाता है।

तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुशल निर्देशन और प्रोत्साहन से जोन में आधुनिक और उन्नत तकनीकों को तेजी से अपनाया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में रेल संरक्षा, परिचालन दक्षता और परिसंपत्तियों के रखरखाव को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई नवाचार लागू किए जा रहे हैं।

एआई आधारित वैगन डैमेज डिटेक्शन सिस्टम की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे मालगाड़ियों के वैगनों में होने वाली क्षतियों की तेजी से और सटीक पहचान संभव होगी, जिससे यार्ड निरीक्षण और मरम्मत कार्य अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनेगा। इसके परिणामस्वरूप न केवल रेल संरक्षा मजबूत होगी, बल्कि माल परिवहन की दक्षता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।