UP SI भर्ती परीक्षा: परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल ने चलायीं एग्जाम स्पेशल ट्रेनें, किए विशेष प्रबंध

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (UP SI) भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने व्यापक इंतजाम किए। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए मंडल प्रशासन द्वारा आवश्यकतानुसार एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया, ताकि अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज श्री रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर तथा प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

इसके साथ ही मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों द्वारा भीड़ की स्थिति, यात्रियों के आवागमन तथा प्लेटफॉर्म व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाती रही, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

संचालित की गई एग्जाम स्पेशल ट्रेनें

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल द्वारा कई एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया?

कानपुर सेंट्रल?प्रयागराज जंक्शन एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 13:02 बजे प्रस्थान किया, जिसमें 22 कोच लगाए गए।

कानपुर सेंट्रल?प्रयागराज जंक्शन एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 18:10 बजे प्रस्थान किया, इसमें भी 22 कोच लगाए गए।

कानपुर सेंट्रल?वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 18:45 बजे प्रस्थान किया, जिसमें 20 कोच लगाए गए।

कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन के लिए एक अन्य एग्जाम स्पेशल ट्रेन को शाम 18:50 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर प्लेस किया गया।

कुछ ट्रेनों के समय में किया गया परिवर्तन

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी परिवर्तन किया गया?

ट्रेन संख्या 64212 (कानपुर सेंट्रल?लखनऊ) का समय 12:20 से बदलकर 14:00 किया गया।

ट्रेन संख्या 54154 (कानपुर सेंट्रल?रायबरेली) का समय 16:30 से बदलकर 17:45 किया गया।

ट्रेन संख्या 19812 (इटावा?कोटा) का समय 17:00 से बदलकर 18:00 किया गया।

ट्रेन संख्या 64646 (कानपुर सेंट्रल?खजुराहो) का समय 16:20 से बदलकर 17:20 किया गया।

सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए विशेष व्यवस्था

परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सहायता के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों को प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में तैनात किया गया। वहीं वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्टेशन परिसर में यात्रियों का मार्गदर्शन किया गया तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

टिकट जांच स्टाफ और हेल्प डेस्क कर्मियों द्वारा भी अभ्यर्थियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेन समय और अन्य आवश्यक सूचनाएं प्रदान की जाती रहीं। स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया।

भीड़ प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार आवश्यक जानकारी दी जाती रही, जिससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न लगे और यातायात सुचारु रूप से संचालित होता रहे।

रेलवे का कहना है कि परीक्षाओं जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर अभ्यर्थियों को बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें और बिना किसी तनाव के परीक्षा में शामिल हो सकें।