हरदोई के संडीला में पेट्रोल पंप मैनेजर पर हमला, एक दर्जन दबंगों ने की मारपीट, 50 हजार रुपये लूटने का आरोप

हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात कुछ दबंगों ने मैनेजर और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट करते हुए 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। घटना में पेट्रोल पंप के कई कर्मचारी घायल हो गए।
मामले में अजय सिंह ने संडीला कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। अजय सिंह वर्तमान में लखनऊ रोड स्थित संडीला फीलिंग सेंटर (रिलायंस पेट्रोल पंप) पर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
अजय सिंह के अनुसार 14 मार्च 2026 की रात करीब 11:50 बजे बहादुर, कपिल, अमन और चैना निवासी बेगमगंज थाना संडीला तथा छह अन्य अज्ञात लोग अवैध हथियारों, लाठी-डंडों और असलहों के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मैनेजर अजय सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया और 50 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद शकील, मोहम्मद शमीम निवासी सुम्बाबाग संडीला और सेल्समैन अमित ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दबंगों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और कुलदीप पुत्र परमेश्वर को जातिसूचक शब्द कहकर पीटा गया।
हमले में पेट्रोल पंप के कई कर्मचारी घायल हो गए। पीड़ित ने कोतवाली संडीला पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।