सियालदह मंडल ने बढ़ाई EMU सेवाएं, बनगांव, कैनिंग और डायमंड हार्बर तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

कोलकाता। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने उपनगरीय यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए EMU लोकल ट्रेन सेवाओं का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत सियालदह मंडल द्वारा 23 मार्च 2026 से 23 मई 2026 तक कई लोकल ट्रेनों की सेवाओं को उनके अंतिम स्टेशनों तक बढ़ाया जाएगा, जिससे यात्रियों को बीच रास्ते में ट्रेन बदलने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।

दरअसल, लंबे समय से यात्रियों को ?मिड जर्नी इंटरप्शन? यानी बीच के स्टेशनों पर ट्रेन समाप्त होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसे ध्यान में रखते हुए सियालदह मंडल ने कई सेवाओं को आगे बढ़ाकर सीधी और निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

बनगांव सेक्शन के यात्रियों को विशेष राहत

बनगांव सेक्शन में पहले कई ट्रेनें दत्तपुकुर और गोबरडांगा जैसे मध्यवर्ती स्टेशनों तक ही संचालित होती थीं। अब ट्रेन संख्या 33617 (सियालदह?दत्तपुकुर) की सेवा को बढ़ाकर बनगांव तक कर दिया गया है, जो 11:44 बजे बनगांव पहुंचेगी। इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 33622 अब सीधे बनगांव से 11:55 बजे प्रस्थान करेगी।

इसी प्रकार देर शाम संचालित होने वाली ट्रेन संख्या 33685 (सियालदह?गोबरडांगा) और 33271 (दमदम?गोबरडांगा) को भी बढ़ाकर बनगांव तक कर दिया गया है, जो क्रमशः 22:31 बजे और 21:04 बजे बनगांव पहुंचेगी। वहीं वापसी सेवाएं ट्रेन संख्या 33382 और 33686 अब बनगांव से ही प्रारंभ होंगी, जिससे यात्रियों को घर लौटने में अधिक सुविधा होगी।

कैनिंग सेक्शन में भी बेहतर कनेक्टिविटी

कैनिंग मार्ग पर भी सेवाओं का विस्तार किया गया है। ट्रेन संख्या 34392 और 30552, जो पहले चंपाहाटी और घुटियारी शरीफ तक चलती थीं, अब कैनिंग तक संचालित होंगी। वहीं उनकी वापसी सेवाएं ट्रेन संख्या 30511 और 34391 अब कैनिंग से ही प्रारंभ होंगी, जिससे इस रूट के यात्रियों को अधिक भरोसेमंद और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी।

डायमंड हार्बर सेक्शन को भी मिला लाभ

डायमंड हार्बर सेक्शन के यात्रियों के लिए ट्रेन संख्या 34898 (सियालदह?मगराहाट) को बढ़ाकर डायमंड हार्बर तक कर दिया गया है, जो 20:38 बजे पहुंचेगी। इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 34899 डायमंड हार्बर से 20:34 बजे प्रस्थान करेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को निर्बाध, सीधी और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। सियालदह मंडल की यह पहल लाखों दैनिक यात्रियों के लिए राहतभरी साबित होगी और उपनगरीय रेल नेटवर्क को और अधिक प्रभावी बनाएगी।