मतुआ महामेला 2026 के लिए ठाकुरनगर हेतु 28 विशेष लोकल ट्रेनों की व्यवस्था

कोलकाता। सियालदाह मंडल ने मतुआ महामेला 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेन सेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 16 मार्च से 20 मार्च 2026 तक लागू रहेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस अवधि में कुल 28 ईएमयू विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो ठाकुरनगर और गेडे, लालगोला, कैनिंग तथा नामखाना के बीच संचालित होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों को मार्ग के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को मेला स्थल तक पहुंचने में आसानी होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 मार्च को गेडे, लालगोला, कैनिंग और नामखाना से ठाकुरनगर के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। वहीं 17 और 18 मार्च को इन मार्गों से ठाकुरनगर आने और वहां से वापस जाने के लिए भी विशेष सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अतिरिक्त 19 और 20 मार्च को लालगोला और नामखाना मार्ग पर ठाकुरनगर के लिए विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन विशेष सेवाओं का उद्देश्य मतुआ महामेला में शामिल होने वाले हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना है। साथ ही यह व्यवस्था ईद के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को भी नियंत्रित करने में सहायक होगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा में सहयोग करें।