शहर के चौक चौराहे पर पेय जल की समुचित व्यवस्था नहीं,भीषण गर्मी में पेयजल संकट, शहरवासियों सहित ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी।

बैकुंठपुर। जिले में गर्मी का प्रकोप बढ़ते ही पेयजल की समस्या भी गंभीर रूप लेने लगी है। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर क्षेत्र में इन दिनों लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के गांवों से आने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार शुरुआती भीषण गर्मी के बावजूद नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में लोगों को मजबूरन दुकानों से पानी की बोतल खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है। इससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। शहर में रोजाना बड़ी संख्या में दूर-दराज के ग्रामीण विभिन्न कार्यों के लिए बैकुंठपुर पहुंचते हैं। तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच उन्हें शुद्ध पेयजल नहीं मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मजदूरी करने वाले और दैनिक कामकाज के लिए आने वाले लोगों के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गर्मी के मौसम में हर साल नगर पालिका और प्रशासन की ओर से प्रमुख स्थानों पर पेयजल स्टॉल या प्याऊ की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन इस बार अब तक ऐसी कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। इसके चलते लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। शहरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द शहर के मुख्य चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर पेयजल स्टॉल की व्यवस्था की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और उन्हें पानी के लिए अतिरिक्त खर्च न करना पड़े। फिलहाल लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद की ओर टिकी हुई हैं कि आखिर कब तक शहर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और लोगों को इस समस्या से राहत मिल पाएगी।