खरवत पंचायत में 5% मॉडल सोखता गड्ढा की शुरुआत, जल संरक्षण को बनाया जाएगा जन आंदोलन

बैकुंठपुर। कोरिया जिला में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अपनाया गया 5% मॉडल अब तेजी से जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को ग्राम पंचायत खरवत में 5% मॉडल के तहत सोखता गड्ढा निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया,यह कार्य किसान बिजेंद्र कुमार के खेत में आरंभ किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में सरपंच रामाशंकर सिंह, उप सरपंच उषा देवी, सचिव बनवारी लाल साहू, वार्ड पंच मोहरमनिया, परमेश्वरी राजवाड़े, गीता, गौतम कुमार चक्रधारी, आरती एवं शांति सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

जलसंरक्षण संकल्प की शुरुआत

सचिव बनवारी लाल साहू ने बताया कि 5% मॉडल के माध्यम से प्रत्येक किसान के खेत में जल संचय की संरचना तैयार की जाएगी, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण संभव हो सके। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल योजना नहीं बल्कि जल संरक्षण का संकल्प है, जिसे पूरे पंचायत स्तर पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर सभी विभागों को जिम्मेदारी लेते हुए इसे सफल बनाना होगा। जल संरक्षण अब केवल योजना नहीं, बल्कि "जल संरक्षण होगा सबका नारा" के साथ जनभागीदारी का अभियान बनेगा आगामी एक मार्च से जनपद के अंतर्गत ?मोर पानी? जलआंदोलन की शुरुआत हो चुकी है जो मई माह तक चलने वाले इस अभियान में चौपाल और बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

जनपद कार्यालय में बना मॉडल बना प्रेरणा केंद्र

जनपद पंचायत सीईओ मनोज एवं कार्यक्रम अधिकारी प्रतीक द्वारा जनपद कार्यालय के सामने 5% मॉडल का निर्माण कराया गया है, जिससे प्रतिदिन आने वाले ग्रामीणों को प्रत्यक्ष उदाहरण देखने को मिल रहा है। इससे आमजन में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता और प्रोत्साहन दोनों बढ़ेगा।जल संरक्षण की दिशा में खरवत पंचायत की यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र में एक नई शुरुआत मानी जा रही है, जो आने वाले समय में व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकती है।