दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कर्मचारियों हेतु स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य को विशेष महत्व देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चिकित्सा विभाग द्वारा एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन सेंट्रल हॉस्पिटल, बिलासपुर के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। इस दौरान प्रतिभागियों की उच्च रक्तचाप, रैंडम ब्लड शुगर, बीएमआई, बोन डेंसिटोमेट्री, नेत्र परीक्षण तथा स्त्री रोग संबंधी जांच की गई।

चिकित्सकों द्वारा सभी प्रतिभागियों को संतुलित आहार एवं पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा हड्डियों एवं समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम करने की सलाह भी दी गई। स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के समाधान भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किए गए तथा आवश्यकता के अनुसार आगे की जांच कराने की सलाह दी गई।

इसके अतिरिक्त शिविर के दौरान प्रतिभागियों का पैप स्मीयर परीक्षण भी किया गया, जिससे गर्भाशय ग्रीवा से संबंधित बीमारियों की समय पर पहचान संभव हो सके।

यह स्वास्थ्य जांच शिविर महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण, जागरूकता तथा उनके समग्र कल्याण के प्रति दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चिकित्सा विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।