UP SI परीक्षा के लिए प्रयागराज मंडल की विशेष तैयारियां, स्टेशनों पर बढ़ाई गई व्यवस्थाएं

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (UP SI) परीक्षा को देखते हुए यात्रियों और परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। यह तैयारियां मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में की गई हैं।

संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके। मंडल के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न स्टेशनों की लगातार निगरानी करेंगे और मंडल मुख्यालय में स्थापित वार रूम से भी स्थिति पर नजर रखी जाएगी।

इसी क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीमें भीड़ नियंत्रण, कतार प्रबंधन और यात्रियों को मार्गदर्शन देने के लिए तैनात रहेंगी।

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और इटावा स्टेशनों पर विशेष ट्रेनों के लिए रिजर्व रेक तैयार रखे गए हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न दिशाओं में चलाया जाएगा। इसके अलावा कुछ मेमू ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन में भी परिवर्तन कर उन्हें आगे के स्टेशनों तक बढ़ाया जा सकता है तथा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ठहराव भी दिए जाएंगे।

अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए 14 और 15 मार्च को कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी आंशिक परिवर्तन किया गया है। रेलवे प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।