मुरादाबाद बकाया टैक्स पर नगर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई बुध बाजार सुपर मार्केट की कई दुकानों पर लगी सील

मुरादाबाद में दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट 28 केंद्रों पर दो दिन होगी परीक्षा 500 पुलिसकर्मी तैनात

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा (सब इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा को लेकर मुरादाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में 14 और 15 मार्च को होने वाली लिखित परीक्षा के लिए शहर में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां चार पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है परीक्षा के दौरान शहर में करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी इसके साथ ही सॉल्वर गैंग और उनके नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए एसटीएफ ने भी मुरादाबाद में डेरा डाल दिया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। खुफिया एजेंसियां भी लगातार सक्रिय हैं ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके दरअसल उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा के 4,543 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है इसी क्रम में 14 और 15 मार्च को प्रदेश भर में लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। मुरादाबाद में आयोजित परीक्षा में दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 45,160 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

इनमें दिल्ली के 12,087, मेरठ के 11,396, बुलंदशहर के 10,034, अमरोहा के 1,300, बागपत के करीब 2,000, बरेली के 4,000, बिजनौर के 2,000, गाजियाबाद के 300, रामपुर और संभल के 600-600 तथा हरियाणा के 574 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

जिले में बनाए गए 28 परीक्षा केंद्रों में से 19 केंद्रों पर 480-480 और नौ केंद्रों पर 240-240 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि जिन परीक्षा केंद्रों पर 240 अभ्यर्थी होंगे वहां एक सब इंस्पेक्टर केंद्र प्रभारी, एक सब इंस्पेक्टर कंट्रोल रूम और एक सब इंस्पेक्टर चेकिंग के लिए तैनात रहेगा। इसके अलावा एक हेड कांस्टेबल, दो सिपाही और एक महिला सिपाही की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं जिन केंद्रों पर 480 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे वहां पुलिसकर्मियों की संख्या दोगुनी रखी जाएगी।

इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े वहीं अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए परिवहन विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं।

रोडवेज की एआरएम राजवती ने बताया कि 14 और 15 मार्च को होने वाली परीक्षा को देखते हुए मुरादाबाद रोडवेज की ओर से अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। जिन रूटों पर सामान्य तौर पर दो चक्कर लगाए जाते हैं, वहां अब चार चक्कर लगाए जाएंगे ताकि अधिक भीड़ होने पर भी अभ्यर्थियों को यात्रा में परेशानी न हो उन्होंने बताया कि रोडवेज बस अड्डे पर अभ्यर्थियों के लिए मोबाइल फोन चार्ज करने की व्यवस्था की गई है और पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था कराई गई है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं ताकि परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को आने-जाने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।