ट्रेन से उतरते समय पैर फिसला,महिला का पैर कटा, मौत

पूरनपुर, पीलीभीत। खुटार थाना क्षेत्र के नवदिया ओरिलाल गांव की एक महिला ट्रेन से उतरते समय हादसे का शिकार हो गई, जिससे उसका एक पैर कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना खुटार क्षेत्र के गांव नवदिया ओरिलाल निवासी कमला (60) पत्नी राजेंद्र बुधवार को अपने पति, पुत्री व अन्य रिश्तेदारों के साथ माता पूर्णागिरि के दर्शन करने के लिए ट्रेन से गई थीं। गुरुवार शाम वह पीलीभीत से ट्रेन द्वारा वापस अपने घर लौट रही थीं।
बताया जा रहा है कि थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र स्थित अकेला हाल्ट पर उतरते समय उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गईं। हादसे में उनका एक पैर कई जगह से कटकर अलग हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों को सूचना दी गई। घायल महिला को इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।मृतका के तीन पुत्र और चार पुत्रियां हैं, जिनमें दो पुत्र व तीन पुत्रियां अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।